विविध

karnataka Election : पीएम मोदी बोले-डरी हुई कांग्रेस ने चुनाव से दूर रहने वालों को प्रचार में उतारा

शिवमोगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि ‘डरी हुई’ पार्टी कर्नाटक चुनाव में प्रचार के लिए अपनी वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर आई, क्योंकि उसका ‘झूठ’ काम नहीं आया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का नाम लिए बगैर मोदी ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘अब कांग्रेस इतनी डरी और सहमी हुई है कि जब उनका झूठ काम नहीं आया, तो जो लोग प्रचार में हिस्सा नहीं ले रहे थे, उन्हें यहां लाया जा रहा है। कांग्रेस ने हार की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालनी शुरू कर दी है।’’ कथित तौर पर स्वास्थ्य कारणों से 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद से प्रचार और सार्वजनिक रैलियों से दूर रहने वाली सोनिया गांधी ने शनिवार को हुबली में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित किया था।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने कोविड-19 महामारी के बावजूद पिछले साढ़े तीन वर्षों में हर साल राज्य में 13 लाख से ज्यादा लोगों को औपचारिक नौकरियां दी हैं। आगामी 10 मई को विधानसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान से पहले यहां आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने ‘झूठ फैलाने’ के लिए एक तंत्र बनाया है, लेकिन वह चाहे जितना ‘बड़ा गुब्बारा’ फुला ले, चुनावों में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। ‘बजरंगबली की जय’ के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस का लक्ष्य ‘भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण’ हो, वह कभी नौजवानों का भविष्य नहीं बना सकती।

The kerala Story : आलोचक कर रहे पीएफआई, आतंकवाद का समर्थन : अनुराग ठाकुर

The Kerala Story फिल्म इन दिनों काफी चर्चा में है। सत्य घटना पर आधारित फिल्म लोगों को काफी पसंद आ रही है। इसी बीच फिल्म के विरोध भी हो रहा है। इस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुग्राम में रविवार को फिल्म द केरल स्टोरी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक फिल्म नहीं है। वहीं कुछ लोग ऐसे हैं जो अपने धर्म में बच्चियों को बहला-फुसलाकर आतंकवाद के रास्ते ले जाना चाहते हैं, उनका चेहरा केरल स्टोरी में बेनकाब हुआ है। कुछ राजनीतिक दल इसका विरोध कर रहे हैं। अगर वे विरोध कर रहे हैं तो वो पीएफआई, आतंकवाद, आईएसआईएस का समर्थन करते हैं।
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि बेटियों को आतंक के रास्ते पर जाने को मजबूर किया जाता है। वहीं अगर कोई बेटी इस काम को करने से मना करती है तो उसे गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि द केरल स्टोरी सिर्फ एक फिल्म नहीं है बल्कि ये एक मुद्दा है जो समाज में फैला हुआ है।

Tamil Nadu : द केरला स्टोरी की स्क्रीनिंग पर लगी रोक

तमिलनाडु मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ने ‘द केरल स्टोरी’ नहीं दिखाने का फैसला किया है। इसकी घोषणा रविवार को की गई। एसोसिएशन ने इस फैसले के पीछे तमिलनाडु की कानून व्यवस्था और फिल्म के खराब प्रदर्शन का हवाला दिया है। बता दें कि ‘द केरल स्टोरी’ की रिलीज के बाद से तमिलनाडु में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। नाम तमिलर काची (एनटीके) पार्टी ने शनिवार को चेन्नई में फिल्म की रिलीज के खिलाफ प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं पार्टी ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। इसके अलावा उन्होंने थिएटर मालिकों से फिल्म न चलाने की और लोगों से इसे नहीं देखने की अपील की। ‘द केरल स्टोरी’ विषयगत रूप से भी काफी समृद्ध है।

Dehradun : ‘थैंक्यू मोदी जी फॉर जी-20 इन उत्तराखण्ड’’ के तहत मैराथन को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून| रविवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से ‘थैंक्यू मोदी जी फॉर जी-20 इन उत्तराखण्ड’’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मैराथन में 10 साल से 80 साल के प्रतिभागियों ने भाग लिया। मैराथन के बाद विजयी प्रतिभागियों को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्‌ट ने सम्मानित किया। देवभूमि के लिए यह गर्व का विषय है कि जी-20 की तीन बैठकें का आयोजन उत्तराखंड राज्य में हो रहा है।

Wrestlers Protest: पंजाब के किसानों और खाप पंचायतों ने पहलवानों को दिया समर्थन

पंजाब के किसानों और खाप पंचायतें भी पहलवानों के समर्थन में उतर आई हैं। ये भी ऐलान किया गया है कि संयुक्त महापंचायत धरना स्थल पर ही लगाई जाएगी। वहीं किसानों व पंचायतों के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस विशेष तैयारी कर चुकी है। दरअसल दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना 14 दिनों से जारी है। बता दें कि देश के कई शीर्ष पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर महिला पहलवानों का शोषण करने का आरोप है। पहलवानों के समर्थन में अब पश्चिमी यूपी, हरियाणा और राजस्थान के खाप नेता और किसान दिल्ली स्थित जंतर मंतर पहुंच चुके हैं।

California : पार्टी के दौरान गोलीबारी में किशोरी की मौत, पांच घायल

अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में एक पार्टी के दौरान हुई गोलाबारी में 17 साल की किशोरी की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना एक कॉलेज परिसर के पास शनिवार को आयोजित पार्टी में हुई। पुलिस प्रमुख बिली ऑलड्रिज ने कहा कि गोलीबारी की घटना के बारे अधिकारियों को तड़के करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली थी। उन्होंने पाया कि चिको में एक इमारत में स्थित अपार्टमेंट में छह लोगों को गोली लगी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई। ऑलड्रिज ने कहा कि 21 और 19 साल के दो युवक और 17 साल की एक किशोरी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि 18 और 20 वर्ष के दो अन्य युवकों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Karnataka Election : प्रधानमंत्री मोदी कर रहे ताबड़तोड़ जनसभाएं और रोड शो

बेंगलुरु। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह बेंगलुरु में आठ किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू किया। जाहिर है हर बार की तरह यहां भी जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत लगा दी है। जनसभाओं और रोड शो के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार थिप्पसंद्र में केंपेगौड़ा की प्रतिमा से ट्रिनिटी सर्कल तक आयोजित रोड शो के डेढ़ घंटे में समाप्त होने की उम्मीद है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने केंपेगौड़ा (बेंगलुरु के संस्थापक) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रोड शो पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। रोड शो के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और बेंगलुरु सेंट्रल के सांसद पीसी मोहन भी सवार हैं। पूरे मार्ग पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिनमें रोड शो को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराए जाने के लिए सड़कों पर अवरोधक लगाए जाना शामिल है। सड़कों के किनारे हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

‘द केरला स्टोरी’ ने रिलीज के पहले दिन की बंपर कमाई

‘द केरला स्टोरी’ फिल्म आखिर सिनेमाघरों तक पहुंचने में कामयाब रही। पहले ही दिन इसे ऑडियंस का खूब प्यार मिला। रिलीज से पहले इसे काफी विवादों का भी सामना करना पड़ा। फिल्म 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज की गई । लोग फिल्म की बहुत तरीफ कर रहे हैं। रिलीज से पहले कई राजनीतिक पार्टियों ने फिल्म को बैन करने की मांग की थी। ‘द केरला स्टोरी’ के डायरेक्टर सुदीप्तो सेन हैं जबकि विपुल अमृतलाल शाह ने इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म की स्टार कास्ट में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सिद्धि इडनानी और सोनिया बलानी ने अहम किरदार निभाएं हैं।

सुदीप्तो सेन के डायरेक्शन में बनी ‘द केरला स्टोरी’ पहले दिन दर्शकों की भीड़ जुटाने में पूरी तरह कामयाब रही। सच्ची घटना पर आधारी इस कहानी को लोगों ने खूब सराहा। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार ‘द केरला स्टोरी’ ने ओपनिंग डे पर इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 8.3 करोड़ रुपए की अच्छी खासी कमाई की। उम्मीद है कि फिल्म वीकेंड में और अच्छा कलेक्शन करेगी।
बात करते हैं ‘द केरला स्टोरी’ की कहानी की जो तीन महिलाओं पर आधारित है। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि कैसे ब्रेन वॉश कर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है और इसके बाद वह आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल हो जाती हैं। बता दें कि ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म विवादों में आ गई थी। जमीयत उलेमा ए हिंद ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका देकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर विचार करने से ही इंकार कर दिया और फिल्म अपने तय समय पर ही रिलीज हुई।

बंगारस्यूं विकास समिति ने कराया श्री सुंदरकाण्ड पाठ

चंडीगढ़। बंगारस्यूं विकास समिति की ओर से गढ़वाल सभा भवन चंडीगढ़ में श्री सुंदरकाण्ड पाठ आयोजित किया गया। पंडित हरीश शर्मा बाबुलकर ने प्रभु राम और बजरंगबली का गुणगान किया। उनके गाए भजनों पर भक्त खूब झूमे। कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार चंद्रमोहन ढौंडियाल द्वारा अनुवादित गढ़वलि रामायण के बारे में भी भक्तों को जानकारी दी गई। साहित्यकार के इस प्रयास को सभी ने खूब सराहा।

पंजाब की राजनीतिक के बाबा बोहड़ प्रकाश सिंह बादल का निधन

चंडीगढ़।शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार की रात निधन हो गया। उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। केंद्र सरकार ने बादल के निधन पर दो दिन (26 और 27 अप्रैल) के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकारी मनोरंजन के कार्यक्रम नहीं होंगे। प्रकाश सिंह बादल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चंडीगढ़ पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि दी। अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर पंजाब की सियासत पर इसका कितना असर पड़ेगा?

प्रकाश सिंह बादल ने पंजाब में सियासत को अपने ही रंग से रंग दिया था। अकाली दल की कमान संभालने के बाद पार्टी के भीतर किसी को सिर उठाने नहीं दिया। शिअद छोड़कर अगर किसी ने अलग अकाली दल बनाया तो वह सफल नहीं हो पाया। कई नेताओं ने पार्टी छोड़कर अकाली दल का गठन करना चाहा लेकिन सफल नहीं हो पाए। उनकी राजनीतिक सूझबूझ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे की नई नींव रखी और तनाव भी खत्म कर दिया। बादल के चाहने वाले हर राजनीतिक दल में मिलेंगे। भाजपा से राजनीतिक गठबंधन टूटा लेकिन रिश्ते बरकरार रहे। अब अकाली दल में इसकी कमी खलेगी।

प्रकाश सिंह बादल के निधन से पंजाब की राजनीति का एक बड़ा अध्याय खत्म हो चुका है। 95 साल की उम्र तक सियासत में सक्रिय रहने के कारण उन्हें राजनीति का बाबा बोहड़ भी कहा जाता था। उन्होंने 20 साल की उम्र में 1947 में सरपंच का चुनाव जीतकर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। इसके बाद वह पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने। सबसे कम उम्र में और सबसे उम्रदराज मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड भी उन्हीें के नाम है।