सुमाड़ी के पंथ्या दादा

उत्तराखण्ड का इतिहास अनेक महापुरुषों की गौरवमयी गाथाओं से भरा हुआ है। इन्ही महापुरुषों में एक नाम है ‘‘पन्थया दादा’’। पन्थया दादा का जन्म सत्रहवीं शताब्दी के उतरार्द्ध में पौड़ी गढ़वाल की कटूलस्यूं पटृ के प्रसिद्ध गांव सुमाड़ी में हुआ था। बचपन में ही माता-पिता का देहवासन होने के कारण वह अपनी बहन की ससूराल फरासू में रहते थे। उस समय उत्तराखण्ड का गढ़वाल क्षेत्र बावन छोटे-छोटे गढ़ों में बंटा हुआ था। इन्ही गढ़पतियों में से एक शक्तिशाली राजा मेदिनी शाह का वजीर सुमाड़ी का सुख राम काला था।

लोक मान्यताओं के अनुसार जब राजा अजयपाल ने अपनी राजधानी चाँदपूर से देवलगढ़ में स्थान्तरित की थी, तो उन्होने सुमाड़ी क्षेत्र काला जाति के ब्राहमणों को, जो कि मां गौरा के उपासक थे, दान में दे दिया था। यह भूमि किसी भी राजा द्वारा घोषित करो से मुक्त थी। चुंकि एक मात्र सुमाड़ी गांव वासी ही सभी राजकीय करों से मुक्त थे, इसलिये यह व्यवस्था राजा के कुछ दरबारीयों को फूटी आंख नही सुहाती थी। साथ ही वजीर सुखराम काला से कुछ मतभेदों के कारण कुछ दरबारी भी असन्तुष्ट थे। इन्ही असन्तुष्ट दरबारियों द्वारा राजा को सुमाड़ी वालों पर भी कर लगाने के अतिरिक्त अन्य राजकीय कार्यों को करने के लिये उकसाया गया, जिनमें दूणखेणी भी शामिल था। इसी काल में प्रजा पर मैदिनी शाह द्वारा दो अन्य कर स्ँयूदी और सुप्पा भी लगाये गये।

मैदिनी शाह ने राज-दरबारीयों के कहने पर वजीर सुखराम काला से परामर्श लेकर सुमाड़ी की जनता को बोझ ढोने एवं राजकीय करों को सुचारु रुप से राजकोष में जमा करने का फरमान जारी कर दिया। सुमाड़ी में जब यह फरमान पहुंचा तो गांव वासियों ने राजा का यह हुक्म मानने से इन्कार कर दिया। राजाज्ञा के उल्लंघन अपराध मानते हुए राजा ने पुनः फरमान भेजा कि अति शीघ्र अम्ल करें या गांव खाली कर दिया जाये। जब गांव वालों ने दोनो व्यवस्थाओं को मानने से इन्कार कर दिया तो बौखलाहत में मैदिनी शाह ने दण्ड स्वरुप गांव वालों को प्रतिदिन एक आदमी बली देने के लिये फरमान भेज दिया। इस एतिहासिक दण्ड को आज भी ‘‘रोजा’’ के नाम से जाना जाता है। राजशाही का यह फरमान प्रजा के स्वाभिमान को भंग करने की एक साजिश थी। जिससे निरपराध गांव वाले बोझा ढोने के लिये तैयार हो जायें। इस फरमान के आते ही गांव में आतंक फैल गया। गांव वासी राजतन्त्र की निरंकुशता से परिचित थे तथा अच्छी तरह जानते थे कि प्रजा को राजा के आदेश की अवहेलना करने की कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। गांव वासी मजबूरन फरमान मानने या गांव छोड़ने को विवश होने लगे, किन्तु अन्ततः उन्होने स्वाभिमान को बचाने की खातिर ‘‘रोजा’’ देना उचित समझा।

इस घटनाक्रम के समय सुमाड़ी में अन्य जातियों के आलावा काला जाति के तीन प्रमुख परिवार थे। उदाण, भगड़ एवं पैलू, जिनमें उदाण सब से बड़े भाई का परिवार था। आज भी इन तीनों भाईयों के वंशज पितृ-पूजा के अवसरों पर अपने पूर्वजों का नाम बड़ी श्रद्धा से लेते हैं। सम्भवतः सबसे बड़े भाई का परिवार होने के कारण इस घड़ी में ‘‘रोजा’’ देने के लिये ‘‘उदाण’’ कुटुम्ब के सदस्य का आम सहमति से चुनाव किया गया होगा। दैव वश जिस परिवार को सर्वप्रथम ‘‘रोजा’’ देना था उस परिवार में तीन जन थे-पति, पत्नी, एवं एक अबोध बालक यह पन्थया के बड़े भाई का परिवार था। पन्थया इस सारे घटनाक्रम से अनभिज्ञ फरासू में अपनी बहिन के साथ था। लोक गीतों के अनुसार जिस दिन सुमाड़ी में पन्थया के भाई के परिवार को ‘‘रोजा’’ देने के लिये नियुक्त किया गया, उस दिन पन्थया फरासू में गायों को जंगल में चुगा रहा था। थकान लगने के कारण उसे जंगल में ही कुछ समय के लिये नींद आ गई। इसी नींद में पन्थया को उनकी कुलदेवी मां गोरा ने स्वपन में दर्शन देकर सुमाड़ी पर छाये भयंकर संकट से अवगत कराया। नींद खुलने पर पन्थया ने देखा कि लगभग शाम होने वाली है। अतः वह तुरन्त गायों को इकटृ कर घर ले गया और बहन से सुमाड़ी जाने की अनुमति लेकर अंधेरे में ही प्रस्थान कर दिया। जैसे लोक गीतों में कहा जाता है कि‘-

फरासू कू छट्यो पन्थयां,
सौडूं का सेमल
सौडू का सेमल छुट्यों,
जुगपठयाली पन्थया।।

फरासू से सुमाड़ी के बीच में उपरोक्त दोनो स्थान- सौडू एवं जगपठ्याली, पहाड़ की चठाई चढते समय विश्राम के काम आते थे। घर पहुंच कर पन्ययां को स्वपन की सारी बातें सच होती हुई नजर आई और उन्होने राजा के इस थोपे हुए फरमान को प्रजा का उत्पीड़न मानते हुए, इसके विरोध में आत्मदाह करने का एलान कर दिया। तत्पश्चात गांव वासीयों को स्वाभिमान से जीने की शिक्षा देकर अगले दिन वीर बालक पन्थया ने मां गौरा देवी के चरणो में अन्तिम बार सिर नवा कर अग्निकुण्ड में अपने प्राणों की आहुति दे दी।

इस ह्दय विदारक दृश्य को पन्थया की चाची भद्रा देवी सहन न कर सकी ओर उन्होने भी तत्काल इसी कुण्ड में छलाँग लगा दी। इसी समय बहुगुणा परिवार की एक सुकोमल बालिका ने भी इसी अग्निकुण्ड में अपने प्राण न्यौछावर कर दिये। राजा मैदिनी शाह जैसे ही इस दुःखद घटना से अवगत हुए तो उन्होने अगले तीन दिनो तक ‘‘रोजा’’ न देने का फरमान सुमाड़ी भेज दिया। इस घटना से प्रजा में जहां विद्रोह होने का डर राजा को सताने लगा, वहीं संयोगवश इसी बीच राज-परिवार दैविक प्रकोपों के आगोश में भी तडपने लगे। इन आकस्मिक संकटों के निवारणार्थ राजा ने राजतान्त्रिक से सलाह मशविरा किया। राजतान्त्रिक ने राजा को बताया कि यह दैविक विपतियां हत्याओं एवं निरपराध ‘‘पन्थया’’ के आत्मदाह से ऊपजी हैं। अतः इन आत्माओं की शान्ति के लिये इनकी विधिवत पूजा-अर्चना करना अति आवश्यक है।

विपति में फंसे राजा ने तुरन्त ही इस कार्य के लिये अपनी स्वीकृति दे दी। सुमाड़ी पहुंच कर तान्त्रिक ने घड्याला लगा कर पन्थया एवं उनके साथ आत्म-दाह करने वाली सभी पवित्र आत्माओं का आहवान किया और उन सब की प्रतिवर्ष विधिवत पूजा करने का वचन दिया। यह पूजा आज भी पूस मास में विधिवत रुप से श्रद्धा के साथ की जाती है।

इसी कड़ी में पन्थया काला राजशाही की निरंकुशता के खिलाफ आत्मदाह करने वाले प्रथम एतिहासिक बालक थे, जिन्हे सुमाड़ी की जनता का प्यार मिलता चला आ रहा है। प्रसिद्ध लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी ने ठीक ही कहा है- ‘‘जुग जुग तक रालू याद सुमाड़ी कू पन्थया दादा’’।

‘‘गढ़ जिला मध्यस्थ में, बसा सुमाड़ी ग्राम।
बीर बाल पैदा हुआ, पन्थया जिसका नाम’’।।

Comments are closed.